जनता परिवार के महाविलय पर अभी तक नहीं बनी बात
(India)
भाजपा को रोकने के लिए जनता कुनबे का विलय आपसी खींचतान में फंस गया है। विलय को लेकर शुक्रवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह के आवास पर आयोजित बहुप्रतीक्षित बैठक बेनतीजा रही। जनता परिवार के घटक अब विलय की छोड़ मोर्चो और गठबंधन की ओर जाते दिख रहे हैं। हालांकि, आज यह कुनबा एक बार फिर भविष्य की संभावनाएं टटोलने बैठेगा। शुक्रवार को हुई बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जनता दल-एस नेता एचडी देवगौड़ा मौजूद नहीं रहे। बताया गया कि नीतीश कुमार आंख के ऑपरेशन के चलते बैठक में नहीं आ सके। जबकि, देवगौड़ा समय से सूचना ना मिलने से नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के संयुक्त मोर्चे के प्रस्ताव से नाराज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आंख के ऑपरेशन के बहाने बैठक से दूरी बना ली। गौरतलब है कि राजद प्रमुख लालू ने विलय के बजाय संयुक्त मोर्चे की वकालत करते हुए इसमें मांझी और वामदलों को शामिल करने की बात कही थी। बिहार में सत्ता की वापसी का रास्ता तलाश रहे नीतीश कुमार लालू के बयान से खासे असहज हैं। जबकि, बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों में खटास पहले भी सामने आ चुकी है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।