‘दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ीं’
(India)
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चिट्ठी लिखकर दलितों पर ‘‘बढ़ रहे अत्याचार’’ की घटनाओं पर चिंता जताई और मांग की कि अगले महीने संसद के मॉनसून सत्र में इस तरह के अपराधों को रोकने के लिए विधेयक लाया जाए। भाजपा शासित दो राज्यों राजस्थान और महाराष्ट्र में दलितों पर बढ़ रही अत्याचार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाए कि यूपीए की ओर से लाए गए अध्यादेश को राजग सरकार ने खत्म हो जाने दिया। साथ ही उन्होंने संसद के पिछले बजट सत्र में इसके स्थान पर नया विधेयक नहीं लाए जाने की भी आलोचना की। सोनिया ने पत्र में लिखा है कि ‘राजस्थान एकमात्र राज्य नहीं है दूसरे राज्यों में भी दलितों पर जघन्य हमले हुए हैं। महाराष्ट्र के शिरडी में थाने से कुछ ही दूरी पर एक दलित युवक की अंबेडकर का रिंगटोन लगाने पर हत्या कर दी गईं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में स्वच्छ एवं भेदभाव रहित जांच सुनिश्चित करना और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाना न्याय के हित में है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि दलितों की रक्षा और कल्याण के लिए संस्थागत मशीनरी को मजबूत किया जाए और जवाबदेह बनाया जाए ताकि सभी दलितों को न्याय का अधिकार मिल सके.

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।