सूर्य नमस्कार कराने पर अडिग हैं योगी आदित्यनाथ
(India)
केंद्र में काबिज नरेंद्र मोदी सरकार ने मुसलमानों के विरोध को देखते हुए भले ही योग दिवस पर सूर्य नमस्कार की अनिवार्यता खत्म तो कर दी हो, लेकिन इस फैसले के खिलाफ भाजपा के ही सांसद महंत योगी आदित्यनाथ, पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद और विश्व हिंदू परिषद ने मोर्चा खोल दिया है। गोरखपुर से भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार कोई भी निर्णय ले, लेकिन हम सूर्य नमस्कार अवश्य कराएंगे। आदित्यनाथ ने कहा कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार 20-21 जून को योग दिवस मनाएंगे और सूर्य नमस्कार भी कराएंगे। भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने के पक्षधर योगी ने कहा कि योग, सूर्य नमस्कार और गीता का विरोध करने वाले संकीर्ण मानसिकता के लोग हैं। उन्होंने मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्यों को भी आड़े हाथ लिया। उनका कहना था कि ऐसे लोगों का सत्य से कोई नाता नहीं है। योग और गीता प्राचीन भारत की संस्कृति हैं। ऐसे में इन दोनों के विरोध का ऐलान करके इन लोगों ने यह साबित कर दिया है कि वे भारत की संस्कृति से खुद को कटा हुआ मानते हैं। भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद ने भी केंद्र के इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यदि सूर्य नमस्कार मुस्लिमों के दबाव में हटाया गया है तो यह मोदी सरकार की भूल है। इसके लिए उसे आगे चलकर कीमत चुकानी पड़ेगी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।