उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को देर रात पुलिस महानिरीक्षक अमिताभ ठाकुर को अनुशासनहीनता, शासन विरोधी दृष्टिकोण रखने और हाई कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी के आरोप में निलंबित कर दिया। अमिताभ पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है। उन्हें डीजीपी कार्यालय से संबंद्ध करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बिना पूर्व अनुमति के वह शहर अर्थात लखनऊ नहीं छोड़ सकते। इससे पहले अमिताभ सोमवार दिन में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा धमकी देने की शिकायत लेकर नई दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय के दफ्तर पहुंचे और केंद्रीय बलों की सुरक्षा मांगी थी। साथ ही, अपने खिलाफ लखनऊ में दायर बलात्कार मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अनंत कुमार सिंह से मिलकर अपनी मांगें रखीं। मुलाकात के बाद उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यदि गृह मंत्रालय उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करता है, तो वह इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।