राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की मेजबानी में शनिवार शाम को आयोजित हुई एट होम रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत तमाम दिग्गज नेता पहुंचे और बहुत गर्मजोशी से मिले. खास तौर पर सबकी नजरें सोनिया गांधी और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की मुलाकात पर ठहर गई. दोनों के बीच कांग्रेस के 25 लोकसभा सांसदों के निलंबन से जो तल्खी बढ़ी थी, वह राष्ट्रपति भवन में शनिवार को कतई नहीं दिखाई. सोनिया और सुमित्रा को एक-दूसरे का हाथ पकड़े और चेहरों पर मुस्कान के साथ कुछ बातचीत करते देखा गया. िदल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी राजनीतिक खींचातानी को पीछे छोड़कर आत्मीयता से मिले. दोनों को एक साथ हंसी-मजाक करते हुए देखा गया. इस रिसेप्शन में राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर भी इस समारोह में मौजूद थीं. बारिश के चलते इस रिसेप्शन को मुगल गार्डन की बजाय अशोक हॉल में किया गया.
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।