बिहार विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी, एनसीपी और दो अन्य पार्टियों ने तीसरा मोर्चा बनाया है। ये मोर्चा साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा। सपा के जनरल सेक्रेटरी रामगोपाल यादव ने गुरुवार को इस गठबंधन का एलान किया। यादव के मुताबिक, सपा, एनसीपी के अलावा पूर्व लोकसभा स्पीकर पी ए संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और समाजवादी जनता दल-डेमोक्रेटिक इस मोर्चे का हिस्सा होंगी। फर्स्ट फेज के लिए इसके कैंडिडेट्स का शुक्रवार को पटना में एलान होगा। इस बाबत जेडीयू के सांसद अली अनवर का कहना है कि मुलायम सिंह ने भगौड़ों को लेकर तीसरा मोर्चा बनाया है। वोट काटना तो दूर की बात है, तीसरे मोर्चे के किसी भी कैंडिडेट की जमानत नहीं बचेगी। बता दें कि जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा से अलग होकर देवेंद्र प्रसाद यादव ने समाजवादी जनता दल डेमोक्रेटिक नाम से पार्टी बनाई है। रामगोपाल यादव ने कहा कि फिलहाल किसी चेहरे को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट नहीं किया जाएगा। चुनाव में अगर वे बेहतर पोजिशन में होते हैं, तो विधायक ही सीएम का चुनाव करेंगे। यादव के मुताबिक, शुक्रवार को पटना में सभी पार्टियों की मीटिंग में सीटों का बंटवारा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 5 फेज में चुनाव होने हैं, जिसमें से फर्स्ट फेज का नॉमिनेशन शुक्रवार को शुरू हो जाएगा। ऐसे में जल्द ही सभी कैंडिडेट्स के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। बता दें कि पहले फेज के चुनाव में बिहार की 49 सीटों पर 12 अक्टूबर को वोटिंग होगी। इसके लिए नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख 23 सितंबर है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।