कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केन्द्र की मोदी सरकार को एक बार फिर सूटबूट की सरकार बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता से वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार का समर्थन करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की कर्मभूमि चंपारण से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा के चुनाव से पहले गरीबों, किसानों और आम जनता से महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार को रोकने और युवाओं को रोजगार देने समेत जो भी वादा किया था उसमें से एक वादा भी वह पूरा नहीं कर सके हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी महात्मा गांधी के विचारों पर चलती है जिन्होंने गरीबों के लिये सूटबूट उतारकर धोती पहन ली थी। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाय वाले से 15 लाख का सूट पहनने वाले हो गये है। उन्होंने कहा कि अब उनका नाता गरीबों से नही बल्कि सूटबूट वालों से है। वह अपने ऐसे चुनिंदा दोस्तों के लिये गरीबों की जमीन छीनना चाहते थे लेकिन उन्होंने इसकी लड़ाई लड़कर जमीन जाने से रोक दिया। राहुल गांधी ने कहा कि वह बिहार को भी मोदी के चुनिंदा सूटबूट वाले दोस्तों से बचाना चाहते है। यदि बिहार में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गयी तो दिल्ली और गुजरात से सूटबूट वाले बड़े लोग बिहार में जमीन हथियाने के लिये आयेंगे और जमीन जाने के बाद यहां के बेरोजगार लोग जब रोजगार की तलाश में भाजपा शासित महाराष्ट्र में जायेंगे तो वहां मराठी नहीं बोल पाने के कारण उनके (भाजपा) दोस्त ही उनके साथ मारपीट करेंगे और वहां से उन्हें भगा देंगे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।