मुम्बई में गुलाम अली का कन्सर्ट रद्द होने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दुर्भाग्यपूर्ण करार दिये जाने के बाद शिवसेना ने सरकार के खिलाफ अपना हमला तेज करते हुए आज प्रधानमंत्री का अतीत याद दिलाया और कहा कि वह गोधरा और अहमदाबाद के कारण जाने और सम्मानित किए जाते हैं। मोदी सरकार में शामिल शिव सेना विरोध के चलते गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द हुआ था। शिवसेना सांसद संजय राउत ने पाकिस्तानी गायक गुलाम अली का कन्सर्ट रद्द होने पर मोदी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। मोदी ने एक साक्षात्कार में दादरी में पीट पीट कर हत्या किए जाने की घटना और मुम्बई में गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द होने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि उनकी सरकार का इससे कोई संबंध नहीं है। राउत ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री ने (गुलाम अली पर) ऐसा बयान दिया है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दुनिया नरेंद्र मोदी को गोधरा और अहमदाबाद के चलते जानती है और हम उनका उसी कारण से सम्मान करते हैं। यदि उसी नरेंद्र मोदी ने गुलाम अली और (पाकिस्तान के पूर्व विदेशी मंत्री) खुर्शीद कसूरी से संबंधित विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है तो यह वास्तव में हम सभी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। राउत ने यद्यपि दादरी घटना पर मोदी की टिप्पणी का अनुमोदन किया और कहा कि घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण थी और वह नहीं होनी चाहिए थी।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।