पाकिस्तान के कलाकारों-क्रिकेटरों के विरोध को लेकर महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना में जहां तनातनी बढ़ती जा रही है, वहीं अब शिवसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला किया है। शिवसेना ने पार्टी भवन के सामने एक बड़ा पोस्टर लगाकर भाजपा को पुराने दिनों की याद दिलाई है। हालांकि विवाद गहराने के बाद शिवसेना ने ये पोस्टर हटवा दिया है। वहीं, इस मामले पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर शिवसेना ये सोचती है कि जिस तरह का सम्मान हम बाला साहेब को देते थे, वही सम्मान हम उद्धव और आदित्य का करेंगे, तो वो उनकी भूल है। इसके साथ ही भाजपा नेता गिरीश व्यास ने कहा कि उन्हें आशा है कि पोस्टर में जिस तरह लोग बाला साहेब के सम्मान में झुके हैं, वैसे ही भविष्य में आदित्य पीएम मोदी के सम्मान में ऐसे ही झुकेंगे। तो वहीं शिवसेना नेता राजेंद्र राउत ने सफाई देते हुए कहा कि ये पोस्टर शिवसेना ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए लगाया है। इसमें किसी भी नेता की तौहीन का तो सवाल ही नहीं है। गौरतलब है कि इस पोस्टर में भाजपा के बड़े नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी फोटो है, जिसमें वे बाला साहेब के सामने सिर झुकाते नजर आ रहे हैं। मोदी के अलावा पोस्टर में राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी जैसे बड़े नेता दिख रहे हैं। इस पोस्टर में नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं को ढोंगी बताया गया है। शिवसेना ने पोस्टर में लिखा है कि वे भूल गये वो दिन, जब भाजपा नेता बाला साहेब के सामने सिर झुकाते थे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।