बिहार में अति पिछड़ों को लेकर राजनीति जोरशोर से चल रही है। नीतीश सरकार में मंत्री रहे भीम सिंह ने आज भाजपा की सदस्यता हासिल कर ली। हम के नेता जीतन राम मांझी के अलावा भीम सिंह दूसरे अति पिछड़ों के नेता होंगे राजग के पास। भीम सिंह ने 2013 में एक विवादित बयान दिया था जिसके बाद इनको पद से इस्तीफा देना पड़ा था। भीम सिंह ने शहीदों पर कहा था, सेना में लोग क्यों जाते हैं। भावना के साथ पुलिस में लोग आते हैं। सेना में लोग मरने ही तो जाते हैं। इस बयान के बाद 2013 में मोदी ने कहा था, सैनिकों का इतना बड़ा अपमान किसी ने नहीं किया होगा। ऐसे निर्लज्ज लोग अगर शहीदों पर आंसू नहीं बहा सकते तो कम से कम अपमान न करें। पटना में एक कार्यक्रम के तहत भीम सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर सुशील मोदी भी पत्रकारों के बीच थे। गौरतलब है कि इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान पार्षद डां. भीम सिंह ने परिषद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सिंह ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि परिषद के कोटे से आवंटित सरकारी आवास को भी खाली कर दिया गया है। नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल में शामिल सिंह अति पिछड़ा चद्रवंशी समाज के कद्दावर नेता माने जाते है। उनके इस्तीफे से जद यू को करारा झटका लगा है। मांझी के मुख्यमंत्री पद से हटाये जाने को लेकर सिंह ने भी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।