आमिर खान पर शिवसेना का तीखा हमला
(India)
शिव सेना ने असिहष्णुता पर टिप्पणी के लिए बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान पर हमला बोला और कहा कि वह बेमानी की भाषा बोल रहे हैं। पार्टी ने फिल्म उद्योग की खान जमात से पूछा कि वे स्पष्ट करें कि आखिर उन पर क्या संकट आन पड़ा है। आमिर को 3 इडियट्स में उनके द्वारा निभाए गए चरित्र रणछोड़दास की संज्ञा देते हुए शिवसेना ने कहा कि यह रणछोड़दास स्पष्ट करें कि आखिर वह किस देश में रहने जा रहे हैं। भाजपा की सहयोगी ने पार्टी के मुखपत्र सामना में एक संपादकीय में कहा, देश छोड़ने की बात करना बेमानी की भाषा है। इस देश ने आपको जो वैभव दिया है, उसे यहीं छोड़ दो। शिव सेना ने कहा, यह तो केवल आमिर ही जानते हैं कि वह देश क्यों छोड़ना चाहते हैं और उन्होंने अपनी फिल्मी पत्नी को इतनी गंभीरता से क्यों ले लिया। इसने कहा, जो लोग भारत को अपना नहीं मानते, उन्हें देशभक्ति और सत्यमेव जयते (आमिर के टीवी शो का जिक्र करते हुए) की बात नहीं करनी चाहिए। बॉलीवुड की खान जमात पर हमला करते हुए शिवसेना ने कहा, फिल्म उद्योग की खान जमात देश छोड़ने की बात करती है। यह पता चलना चाहिए कि उन पर क्या संकट आन पड़ा है। हिन्दू आराध्यों का उपहास उड़ाने वाली फिल्म पीके ने करोड़ों रूपए कमाए। क्या यह सिर्फ इसलिए हुआ कि देश असहिष्णु है। शिवसेना ने कहा कि यदि अभिनेता असहिष्णुता को लेकर घुटन महसूस करते हैं तो उन्हें अपनी फिल्म भारत से बाहर रिलीज करनी चाहिए। इसने कहा, आमिर और उनकी पत्नी को कश्मीर जाना चाहिए और हमारे जवानों द्वारा लड़ी जाने वाली लड़ाई देखनी चाहिए। क्या शहीद जवानों के परिवारों को देश छोड़ देना चाहिए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।