सीरीज में वापसी के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम
(India)
श्रीलंकाई टीम से पहले मैच में मिली हार से स्तब्ध भारतीय क्रिकेट टीम आज दूसरे टी20 मैच में जीत दर्ज करके सीरीज में वापसी के इरादे से उतरेगी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने पहले मैच के लिए पुणे में बनाई गई पिच को इंग्लिश करार दिया। अब वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने अपने मैदान पर खेलेंगे तो उम्मीद है कि उन्हें उपमहाद्वीप जैसी पारंपरिक विकेट मिलेगी। रांची पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी कर रहा है। भारत ने यहां तीन वनडे खेलकर सारे जीत हैं और तीनों में 300 के करीब रन बने। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच बेनतीजा रहा लेकिन कुल मिलाकर जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम पर बड़े स्कोर की उम्मीद की जा सकती है। आउटफील्ड के पूरी तरह तैयार नहीं होने को लेकर हालांकि चिंतायें हैं। जेएससीए के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें मैदान तैयार करने के लिए पूरा समय नहीं मिला लिहाजा आउटफील्ड पर कई धब्बे देखे जा सकते हैं। श्रीलंकाई टीम में कई अनुभवहीन खिलाड़ी हैं और उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। लेकिन भारतीय बल्लेबाज वापसी की कोशिश करेंगे जो शानदार फॉर्म में हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाजों कासुन रंजीता, दुष्मंता चामीरा और दासुन सनाका ने पहले मैच में मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया लेकिन रांची में उनकी असल परीक्षा होगी ऑस्ट्रेलिया में भारत ने सीरीज 3-0 से जीती थी लेकिन शीर्षक्रम के बल्लेबाजों के शानदार फॉर्म के कारण भारतीय मध्यक्रम और निचले क्रम को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। पुणे में बल्लेबाजों ने गैर जिम्मेदाराना शॉट खेले और पूरी टीम आउट हो गई। आर अश्विन ने मेजबान को सौ रन के पार पहुंचाया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।