खली ने तीनों विदेशी रेसलरों को पटखनी देकर निभाया वादा
(India)

उत्तराखंड के हल्द्वानी में द ग्रेट खली रिटर्न्स शो में रेसलिंग के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए महाबली खली ने हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने के बाद खून का बदला खून से लेने का अपना वादा पूरा करते हुए तीनों विदेशी रेसलरों को पटखनी दी और हाईवोल्टेज फिनाले में शानदार जीत दर्ज कर ली। दिलीप सिंह राणा उर्फ खली ने तीनों विदेशी रेसलरों ब्रॉडी स्टील, माइक नोक्स और अपोलो लियोन को रोमांचक फिनाले में करारी शिकस्त देकर न सिर्फ जीत दर्ज की बल्कि तीनों से अपनी हार का बदला भी चुकता किया। खली पर इन तीनों रेसलरों ने हल्द्वानी में हुए पिछले मुकाबले में एक साथ आक्रमण कर दिया था जिससे वह बुरी तरह से घायल होकर हॉस्पिटल पहुंच गए थे। राजीव गांधी स्टेडियम में रविवार रात हुए फिनाले में खली को देखने का उत्साह लोगों में साफ दिखाई दिया और सभी ने उनका जोरदार समर्थन किया। मुकाबले में पहले तीनों विदेशी रेसलरों ने खली को रिंग में चैलेंज किया। इसके बाद खली रिंग में उतरे। हालांकि इस दौरान रेफरी ने नोक्स और लियोन को रोके रखा ताकि तीनों फिर से एक साथ खली पर हमला न कर सकें। शुरुआत में ब्रॉडी स्टील चोटिल खली पर कुछ हावी दिखे और उन्हें नीचे पटखनी दे दी। लेकिन बाद में बाकी के दो रेसलर नोक्स और लियोन भी रिंग में उतर आये और पिछले मैच की ही तरह उनपर हमला कर दिया। ब्रॉडी ने खली पर एक बार फिर कुर्सी से हमला किया। लेकिन उस समय मुकाबला पूरी तरह पलट गया जब खली उठ खड़े हुए और नोक्स और लियोन पर हमला कर उन्हें चित कर दिया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।