प्रो कबड्डी लीग में चैंपियन मुंबा और पटना पाइरेट्स के बीच होगा मुकाबला
(India)
गत चैंपियन यू मुंबा और पटना पाइरेट्स ने शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबलों में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज कर स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली जो शनिवार को खेला जाएगा। यहां आईजी इंडोर स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में चैंपियन मुंबा ने बंगाल वॉरियर्स को 41-29 से और पटना पाइरेट्स ने पुणेरी पल्टन एको 40-21 से हराया। दोनों मुकाबलों की कहानी लगभग एक जैसी रही। दोनों विजेता टीमों ने पहले हाफ में इतनी बढ़त बना ली कि विपक्षी टीमों के लिए दूसरे हाफ में वापसी करना बहुत मुश्किल हो गया। मुंबई ने बंगाल के खिलाफ पहले हाफ में 26-8 की बढ़त बनाई जबकि पटना ने पुणे के खिलाफ 22-5 की बढ़त बनाई। बंगाल की टीम ने मुंबई के खिलाफ दूसरे हाफ में सराहनीय संघर्ष किया और एक समय स्कोर को कम करते हुए 24-38 तक ले आए लेकिन मुंबई ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और 41-29 से मुकाबला निपटा दिया। मुंबई की इस जीत में रिषांक देवाडिगा ने रेड से 11 और डिफेंस से दो अंक जुटाते हुए सर्वाधिक 13 अंक बटोरे। कप्तान अनूप कुमार ने रेड से छह अंक और मंजीत छिल्लर ने डिफेंस से छह अंक बटोरे। मुंबई ने बंगाल को 18-5 के स्कोर पर ऑलआउट किया था जबकि बंगाल ने मुंबई को 23-38 के स्कोर पर ऑलआउट किया था। बंगाल ने यदि पहले हाफ में थोड़ा बेहतर खेल दिखाया होता तो वह मुकाबले को थोड़ा नजदीकी बना सकते थे। मुंबई ने बंगाल को लीग के दोनों मैचों में पीटा था और सेमीफाइनल में भी उसे धूल चटा दी। बंगाल की तरफ से नितिन तोमर ने सर्वाधिक आठ और उमेश म्हात्रे तथा विनीत शर्मा ने छह-छह अंक अर्जित किये।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।