छह रन से हारी टीम इंडिया
(India)
कप्तान केन विलियमसन के शतक और लक्ष्य का पीछा करने में माहिर भारतीय बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के मिश्रण से न्यूजीलैंड ने दूसरे वनेड मैच में गुरुवार को छह रन से जीत दर्ज करके पांच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर किया। 11 साल में यह फिरोजशाह कोटला मैदान पर टीम इंडिया की पहली हार है। विलियमसन ने 118 रन बनाए जो किसी कीवी कप्तान का भारत के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने अपनी पारी में 118 गेंदों का सामना किया तथा 14 चैके और एक छक्का लगाया। विलियमसन ने इस बीच टॉम लैथम (46) के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। भारत ने हालांकि अंतिम दस ओवरों में शानदार वापसी करके केवल 40 रन दिए और इस बीच छह विकेट लिए। इस कारण न्यूजीलैंड नौ विकेट पर 242 रन ही बना पाया। भारतीय बल्लेबाज शुरू से ही परिस्थितियों से सामंजस्य नहीं बिठा पाए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (39) और केदार जाधव (41) ने छठे विकेट के लिए 66 रन जोड़कर उम्मीद जगाई जबकि हार्दिक पंडया की 32 गेंदों पर 36 रन की पारी ने दर्शकों में जोश भरा लेकिन आखिर में भारत 49.3 ओवर में 236 रन पर आउट हो गया न्यूजीलैंड ने इससे पहले भारत को वनडे में उसकी सरजमीं पर 2003 में कटक में हराया था। इस बीच उसने वनडे में भारत से उसकी धरती पर सात मैच गंवाये थे। यही नहीं वर्तमान दौरे में टेस्ट सीरीज 0-3 से गंवाने और धर्मशाला में पहले वनडे में करारी हार के बाद कीवी टीम ने पहली जीत का स्वाद चखा। इसके साथ ही फिरोजशाह कोटला में भी भारत का पिछले 11 साल से किसी भी प्रारूप में चला आ रहा विजय अभियान थम गया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।