(DELHI, DELHI)
आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में 'कोलकाता नाइट राइडर्स' को छह विकेट से हराकर मुंबई इंडियंस फाइनल में पहुंच गई है। जीत के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि उनकी टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है बल्कि यह जीत टीम के प्रयासों से मिली है। रोहित ने मैच के बाद कहा, हम काफी मेहनत कर रहे थे और इस तरह कठिन रास्ते से फाइनल में पहुंचने से भी घबराये नहीं थे। हमारा दिन था और गेंदबाजों ने जीत के सूत्रधार की भूमिका निभाई। यही एक अच्छी टीम की निशानी है कि वह किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहती। हमारा कोई बल्लेबाज शीर्ष पांच में नहीं है जिससे साबित होता है कि टीम प्रयासों से जीत मिली है। मैं जाकर मैदान पर रणनीति पर अमल करता हूं और मेरे सभी खिलाड़ी ऐसा करते हैं। उन्होंने पुणे के खिलाफ फाइनल में जीत का यकीन जताते हुए कहा, राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस के खिलाफ हमारा इतिहास अच्छा रहा है। बस खिताब के बीच एक ही बाधा बची है। केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने कहा कि इस हार के बावजूद उन्हें अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर फख्र है। उन्होंने कहा, पिछले मैच में हम 160-170 रन नहीं बना सके थे। यहां भी 107 बहुत अच्छा स्कोर नहीं था। हमारे पास विकेट होते तो एक दो गेंदबाजों को निशाना बना सकते थे। हार के बावजूद मैं टीम के प्रदर्शन से खुश हूं। हमने दो मौके गंवाये लेकिन पूरे सीजन में पेशेवर प्रदर्शन रहा।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।