ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड की खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की चेतावनी, जानिये क्या है मामला ?
(International) क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने विरोध कर रहे खिलाड़ियों को औपचारिक पत्र भेजकर उन्हें आधिकारिक तौर पर सूचित किया है अगर लंबे समय से चल रहा भुगतान विवाद पर इस सप्ताह तक कोई फैसला नहीं होता है तो वे बेरोजगार हो जाएंगे।

इन रिपोर्ट्स के बीच कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इस सप्ताहांत फैसला करेंगे कि क्या उनकी छवि का इस्तेमाल करने का अधिकार विदेशों में बेचा जा सकता है या नहीं, सीए के हाई परफॉरमेन्स मैनेजर पैट हावर्ड ने उन्हें आगाह किया है कि उन्हें किसी अन्य 20-20 लीग में खेलने के लिए अनुमति लेनी होगी।

बता दें कि पिछले कई महीनों से क्रिकेटरों और सीए के बीच भुगतान विवाद को लेकर बातचीत चल रही है लेकिन उसका कोई हल नहीं निकल पाया। वर्तमान समझौता शुक्रवार को समाप्त हो जाएगा और अगर कोई रास्ता नहीं निकलता है तो खिलाड़ी बेरोजगार हो जाएंगे।

बता दें कि सिर्फ ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों पर ही नहीं बल्कि बांग्लादेश और भारत के आगामी दौरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। यही नहीं इंग्लैंड के इस साल एशेज के लिए ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी इसका असर पड़ सकता है।

किसी तरह का करार नहीं हो पाने की संभावना को देखते हुए मीडिया रिपोर्टरों में कहा गया कि खिलाड़ी अनुबंध नहीं होने की दशा में विदेशी टी-20 लीगों में रोजगार हासिल कर सकते हैं।

द ऑस्ट्रेलियन समाचार पत्र ने कहा कि सीए ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने प्रायोजकों के साथ करार किया तो उन्हें नए अनुबंध की पेशकश नहीं की जाएगी।

सीए के ई मेल में कहा गया है कि जिन 200 से अधिक खिलाड़ियो का अनुबंध समाप्त होगा उन्हें सूचित किया गया है उनसे अभ्यास या खेलने की उम्मीद नहीं की जाएगी और भले ही वे बाद में नए अनुबंध पर हस्ताक्षर कर लें लेकिन उन्हें बीच के समय का भुगतान नहीं किया जाएगा।

इस पत्र व्यवहार से साफ है कि अगर खिलाड़ी राजस्व साझा करने की नयी व्यवस्था के उसके प्रस्ताव पर सहमत नहीं होते हैं तो सीए का भी झुकने का इरादा नहीं है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।