‘कश्मीर जल्द आजाद होगा, भारत मुझे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता’
(International)
पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की एक अदालत ने बुधवार को मोस्ट वांटेंड आतंकी और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की रिहाई के आदेश दे दिए। रिहा होते ही हाफिज ने भारत को धमकी दी है कि वह कश्मीर को आजाद कराकर रहेगा। हाफिज को अमेरिका और भारत दोनों ने मुंबई हमलों को मास्टरमाइंड माना है। 2008 में हुए इन हमलों में 166 लोगों की मौत हो गई थी। हाफिज सईद को जनवरी से उसके घर में ही नजरबंद रखा गया था। वह पाकिस्तान में आजाद घूम रहा था और इस वजह से पाक और अमेरिका के रिश्ते भी काफी बिगड़ गए थे। अमेरिका और यूनाइटेड नेशंस दोनों ने ही उसे मोस्ट वांटेंड आतंकी घोषित किया हुआ है। उसके सिर पर अमेरिका ने 10 मिलियन डॉलर का इनाम भी घोषित किया हुआ है। हाफिज सईद गुरुवार को रिहा हो जाएगा और उसने अपनी रिहाई से पहले भारत को धमकी दी है। एक वीडियो मैसेज में हाफिज ने कोर्ट के जजों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उसकी रिहाई पाकिस्तान की जीत है। इसके साथ ही उसने अल्लाह का भी शुक्रिया अदा किया। हाफिज ने इसके साथ ही भारत को धमकी दी कि अल्लाह ने उसे कश्मीर को आजाद कराने के लिए रिहा कराया है। वह कश्मीर को आजाद कराकर रहेगा और भारत उसका कुछ भी बिगाड़ नहीं पाएगा। यहां यह बात गौर करने वाली है कि मुंबई हमलों की नौंवी बरसी के ठीक चार दिन पहले लाहौर की कोर्ट ने हाफिज को रिहा करने का आदेश दिया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।