भारत पहुंची डॉनल्ड ट्रंप की बेटी इवांका
(International) अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप सोमवार को भारत दौरे पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने हमारे सहयोगी 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' से भारत और अमेरिका के प्रगतिशील रिश्तों पर बात की। इवांका ने कहा, 'दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों की बात करें.... तो हम एकसाथ मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं और हमें करना चाहिए। हमारी एक सी प्राथमिकताएं हैं, हम दोनों ही देश आर्थिक उन्नति और सुधार को बढ़ावा दे रहे हैं, आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं।' एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान रखने वाली इवांका ग्लोबल आंत्रप्रेन्योर समिट (GES) में भाग लेने के लिए हैदराबाद में हैं। इस मौके पर टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक विशेष इंटरव्यू में इवांका ने बताया, 'सितंबर में मुझे भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से न्यू यॉर्क शहर में मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था, तब वह यूएन जनरल असेंबली में भाग लेने आई थीं। तब मैंने उन्हें बताया था कि मैं भारत के इतिहास और संस्कृति की बड़ी प्रशंसक हूं, और मैं यहां हो रही लगातार प्रगति की कामना करती हूं, खासतौर से महिलाओं से जुड़ी हुई प्रगति की। मैं इस बात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी आगे बढ़ाने की सोच रही हूं। मैं अपनी भारत यात्रा को लेकर बेहद उत्सुक हूं और उम्मीद करती हूं कि भारत को और जानने के लिए जल्द ही यहां दोबारा आऊंगी।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।