ईरान में यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त, 66 लोगों की मौत
(International) ईरान के एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है। विमान तेहरान से यासूज जा रहा था। न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार ईरान की असेमन एयरलाइंस ने बताया कि उसका विमान दक्षिणी ईरान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और विमान में सवार 66 लोगों की मौत हो गई है। विमान ने तेहरान के मेहराबाद इंटरनैशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरा था।असेमन एयरलाइंस के प्रवक्ता ने ईरान टीवी से बात करते हुए बताया कि विमान में एक बच्चा समेत 60 यात्री सवार थे और क्रू के 6 सदस्य सवार थे। दो इंजन वाला यह विमान छोटी दूरी के लिए प्रयोग किया जाता था। खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कत पेश आ रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जिस समय दुर्घटना हुई उस समय आसमान में धुंध थी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि ईरान के ज्यादातर विमान पुराने हो चुके हैं और हाल के दिनों में वहां विमान दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। ईरान ने एयरबस और बोईंग से यात्री विमान खरीदने के लिए समझौते किए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।