फेसबुक डाटा से चोरी दस करोड़ यूजर छोड़ सकते हैं फेसबुक दस प्रतिशत शेयर गिरे चार लाख करोड़ का नुकसान
(International) कैम्ब्रिज एनालिटिका विवाद सामने आने के बाद फेसबुक की दिक्कतें कम होती नहीं दिख रही हैं। पांच करोड़ यूजर्स का डेटा चोरी होने की खबरों के चलते लोगों का अपने चहेते सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म से विश्वास उठता दिख रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार लगभग दस करोड़ यूजर्स इस प्लेटफॉर्म को छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। वहीं पिछले पांच दिनों में फेसबुक के शेयर दस प्रतिशत तक गिरे है। इससे फेसबुक को लगभग चार लाख करोड़ रूपए का नुकसान भी हो चुका है। दूसरी तरफ फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने एक बयान में कहा कि 'ये जो भी नंबर बताए जा रहे हैं, सब गलत हैं। इनका कोई महत्व नहीं है।'

फेसबुक के दुनिया भर में लगभग 210 करोड़ यूजर्स हैं। वहीं 'द वर्ज' वेबसाइट के मुताबिक अभी भी फेसबुक के 200 करोड़ यूजर्स का फेसबुक पर भरोसा कायम है। वहीं लगातार आ रही डेटा चोरी की खबरों के चलते लगभग दस करोड़ यूजर्स ऐसे हैं, जो या तो अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट या डिएक्टिवेट कर चुके हैं या फिर अपनी फेसबुक वॉल पर इस सोशल मीडिया वेबसाइट को छोड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।

डाटा चोरी मामले में घिरने का सीधा असर फेसबुक के व्यापार पर पड़ा है। इस बीच कई बड़ी कंपनियों ने फेसबुक पर अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। इनमें 'कॉमर्जबैंक' और 'सोनोस' जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। इससे फेसबुक को बड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है। आज के दौर में फेसबुक को माइक्रो माक्रेटिंग के लिए जाना जाता है और विज्ञापन के जरिए फेसबुक की मोटी कमाई होती है।


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।