अमेरिका के दावों पर बरसा उत्तर कोरिया, कहा- बिगाड़ रहा है बातचीत का मूड
(International) उत्तर कोरिया ने अमेरिका के उस दावे की तीखी निंदा की है, जिसमें उसने कहा था कि राजनीतिक दबाव और प्रतिबंधों की चेतावनी के चलते उसने बातचीत का रास्ता अपनाया है। हाल ही में उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जेइ इन से मुलाकात की थी। उत्तर कोरिया की आधिकारिक न्यूज एजेंसी ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि अमेरिका के यह दावे बातचीत को पटरी से उतारने के खतरनाक प्रयास हैं। प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका उस माहौल और मूड को बिगाड़ रहा है, जो पिछले महीने किम जोंग उन और मून जेइ इन की मुलाकात के बाद बना है। बता दें कि अप्रैल के आखिरी दिनों में दोनों नेताओं ने उत्तर और दक्षिण कोरिया की सीमा पर मुलाकात की थी। इस दौरान उत्तर कोरिया ने परमाणु हथियारों को छोड़ने को लेकर सहमति जताई थी। उत्तर कोरियाई प्रवक्ता ने कहा, 'अमेरिका जानबूझकर बातचीत को भड़का रहा है। वह भी ऐसे वक्त में जब कोरियाई प्रायद्वीप में स्थितियां शांति और स्थिरता की ओर बढ़ रही हैं।' किम जोंग उन की इस महीने या फिर जून में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से भी मुलाकात हो सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।