(International)
साल 2014 से इराक और सीरिया में कहर बरपाने वाले आतंकी संगठन ISIS की जड़ें कमजोर होती जा रही हैं। हालांकि, इन बीते सालों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है इस आतंकी समूह का सरगना अबु-बकर अल बगदादी। बगदादी, एक ऐसा शख्स जिसकी मौत की खबर न जाने कितनी बार मीडिया में आ चुकी हैं और हर बार वह जिंदा पाया गया। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। बीते साल जुलाई में दावा किया गया था कि बगदादी हवाई हमले में मारा गया लेकिन ताजा खबरों की माने तो बगदादी न सिर्फ जिंदा है बल्कि वह एक नए मिशन पर काम भी कर रहा है। 'द वॉशिंगटन पोस्ट' की मानें तो बगदादी ने दियार अल-जोर में बगदादी ने एक बैठक बुलाई जहां, उसने इस संगठन में दोबारा जान भरने की रणनीति पर चर्चा की। यह खुलासा इसी साल तुर्की और इराकी अफसरों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए इस्लामिक स्टेट के एक लड़ाके ने किया। लड़ाके ने बताया,'संगठन की गंभीर परिस्थितियों के बावजूद बगदादी तत्काल अस्तित्व को बचाने की बजाय संगठन की विचारधारा को बचाए रखना चाहता है।' इराकी टेलिविजन पर प्रसारित हुए एक विडियो में लड़ाके अबु जैद अल-इराकी ने बताया, 'इस बैठक में आईएस के टॉप कमांडर्स और नई योजना तैयार करने वाली कमिटी के सदस्य भी मौजूद थे।' यह मीटिंग साल 2017 के मध्य में हुई थी।
इस्लामिक स्टेट सरगना बगदादी ने सिर्फ एक बार जुलाई 2014 में अपनी फोटो खींचने की इजाजत दी थी। इसके बाद से वह दुनिया की नजरों से दूर ही रहा है। लंबे समय तक गायब रहने की वजह से उन असंख्य खबरों को भी बढ़ावा मिला जिसमें कहा गया कि बगदादी या तो मर गया है या फिर वह बेहद बुरी तरह से घायल और अपाहिज हो गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।