पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सोमवार को संपन्न टेस्ट सीरीज में शानार प्रदर्शन किया और चयनकर्ताओं के सामने विश्व कप में चुने जाने के लिए अपना दावा पेश किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज चार मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज रहे। उन्होंने 58 की औसत से 350 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 159 रन रहा।
टेस्ट सीरीज में बल्ले से शानदार प्रदर्शन और विकेटकीपिंग में सुधार करने वाले पंत को जब वन-डे टीम में नहीं चुना गया तो क्रिकेट के जानकारों को हैरानी हुई। अब विश्व कप शुरू होने में कुछ ही समय बचा है। पंत ने पिछले साल इंग्लैंड में अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जमाया था। उन्होंने अपनी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है।
प्रसाद ने स्पष्ट किया कि पंत विश्व कप में चयन के लिए हमारी योजनाओं में शामिल हैं। एमएस धोनी प्रमुख और दिनेश कार्तिक को भी मौका दिया जाएगा। प्रसाद ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा, 'इसमें कोई दो राय नहीं कि पंत विश्व कप के लिए हमारी योजनाओं में शामिल नहीं हैं। शॉर्ट लिस्ट किए तीनों विकेटकीपर्स अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पंत हमारी विश्व कप योजनाओं का हिस्सा हैं। हम अभी कार्यभार प्रबंधन को फॉलो कर रहे हैं।'
प्रसाद ने आगे खुलासा किया कि चार टेस्ट खेलने के बाद पंत को कुछ निगल्स हुए हैं, जिसकी वजह से उन्हें वन-डे सीरीज से आराम दिया गया है। चयनकर्ता प्रमुख ने कहा, 'आप देख रहे होंगे कि हम अपने खिलाड़ियों को किस तरह आराम दे रहे हैं। पंत ने टी20 खेले और फिर चार टेस्ट। शरीर को भी आराम की जरूरत है। उन्हें कुछ निगल्स हैं, जिससे उबरने की जरूरत है। मुझे भरोसा है कि वह जोरदार वापसी करेगा।'
बकौल प्रसाद, 'ऋषभ पंत इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक जमाने वाला भारत का एकमात्र विकेटकीपर है। हमने उन्हें कुछ लक्ष्य दे रखे हैं। हमने उन्हें बता रखा है कि उन्हें मैच फिनिश करके पवेलियन लौटना होगा। सिडनी टेस्ट उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है।'
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।