टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने संकेत दिए हैं कि रोहित शर्मा, शिखर धवन और मोहम्मद शमी को दिया जा सकता है आराम
(India) अब इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप में तीन महीने का समय बचा है और सभी टीमें इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए अपने खिलाड़ियों को जांचने-परखने का काम कर रही हैं। भारतीय टीम भी अपने विश्व कप अभियान के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम चुनना चाहती है और इसके लिए टीम मैनेजमेंट विभिन्न खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर लगातार नजर भी रख रहा है। इस कड़ी में विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के साथ अपने घर में होने वाले वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवाओं को मौका देने पर विचार कर रहा है। ऐसे में रोहित शर्मा और शिखर धवन और मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज में रेस्ट दिया जा सकता है।
रोहित, शिखर और मोहम्मद शमी को दिया जा सकता है आराम
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने इस बात के संकेत दिए हैं। क्योंकि विश्व कप से पहले आईपीएल का 12वां सीजन भी शुरू होगा, जिसमें सभी सीनियर प्लेयर्स को अपनी अपनी फ्रेंचाइज टीमों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। ऐसे में उन्हें विश्व कप से पहले आराम का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए टीम मैनेजमेंट ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज में इन सीनियर क्रिकेटर्स को आराम दे सकता है, ​जो भारत के आगामी वनडे विश्व कप अभियान के सबसे अहम कड़ी होंगे। रवि शास्त्री ने वनडे सीरीज की समाप्ति के बाद स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में कहा, 'मोहम्मद शमी लगातार क्रिकेट खेल रहा है। उसे अब आराम की जरूरत है। रोहित और शिखर को भी आराम की जरूरत है।'

सीनियर्स के रिप्लेसमेंट के लिए भारत के पास है मजबूत बेंच स्ट्रेंथ
अब सवाल यह उठता है कि इन तीनों सीनियर क्रिकेटर्स को आराम दे देने की सूरत में टीम में इनका स्थान कौन लेगा? इसके ​लिए टीम मैनेजमेंट को चिंता नहीं होगी। क्योंकि राहुल द्रविड़ ने अपनी कोचिंग में इंडिया ए टीम के लिए कई होनहार क्रिकेटर्स तैयार किए हैं, जो टीम में किसी भी स्थान पर रिप्लेसमेंट के लिए तैयार हैं। श्रेयस अय्यर, पृथ्वी शॉ, शुभमन गिल, केएल राहुल और अजिंक्य रहाणे ऐसे ही किसी मौके की तलाश में हैं। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो उमेश यादव रणजी में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर विश्व कप से पहले टीम में मौका पाने के पूरे हकदार हैं। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह भी विश्व कप से पहले मैच अभ्यास के लिए टीम में वापस आ सकते हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।