'जिस्म' को 23 साल: पूजा भट्ट ने फिल्म को बताया दौर बदलने वाली
(India) फिल्ममेकर और अभिनेत्री पूजा भट्ट की सुपरहिट इरोटिक थ्रिलर फिल्म 'जिस्म' को रिलीज हुए 23 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर पूजा भट्ट ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी कुछ यादगार तस्वीरें शेयर कीं और एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने जॉन अब्राहम की दो तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “जिस्म (2003) एक ऐसी फिल्म जिसने वक्त को बदल दिया। एक हीरो जिसने उस वक्त का प्रतिनिधित्व किया। फिल्म के गाने अब भी अच्छे लगते हैं। 17 जनवरी 2003 को रिलीज हुई इस फिल्म के 23 साल पूरे होने पर आभार।”
पूजा भट्ट ने अपने शब्दों से यह साफ किया कि ‘जिस्म’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि अपने समय की सोच और सिनेमा की दिशा बदलने वाला अनुभव थी। यह फिल्म अपनी बोल्ड कहानी, इमोशनल गहराई और शानदार म्यूजिक के लिए जानी जाती है। फिल्म में एक परेशान वकील कबीर और उसकी जिंदगी में आई रहस्यमयी महिला सोनिया की कहानी दिखाई गई थी, जिसने दर्शकों पर गहरा असर छोड़ा।
‘जादू है नशा है’ और ‘आवारापन बंजारापन’ जैसे गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में जगह बनाए हुए हैं। फिल्म का निर्देशन अमित सक्सेना ने किया था, जबकि लीड रोल में जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु नजर आए थे। इसके अलावा गुलशन ग्रोवर, रणवीर शौरी, अनाहिता ओबेरॉय और आयशा कपूर भी अहम भूमिकाओं में थे। एम.एम. किरवानी का संगीत फिल्म की बड़ी ताकत बना और इसे यादगार बना गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।