भारत का पहला निजी अर्थ-निरीक्षण सैटेलाइट नेटवर्क, स्पेस सेक्टर में नया युग
(India) भारत के निजी स्पेस सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। बेंगलुरु स्थित स्पेस-टेक स्टार्टअप पिक्सेल स्पेस के नेतृत्व में भारतीय कंपनियों का एक कंसोर्टियम देश का पहला निजी तौर पर विकसित “नेशनल अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट कॉन्स्टेलेशन” लॉन्च करने जा रहा है। इस परियोजना के तहत कुल 12 आधुनिक सैटेलाइट पृथ्वी की हाई-क्वालिटी तस्वीरें और अहम डाटा जुटाएंगे।
इस मिशन को आगे बढ़ाने के लिए कंसोर्टियम ने IN-SPACe के साथ बेंगलुरु में एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इसमें पिक्सेल स्पेस के साथ पियरसाइट, सैटश्योर एनालिटिक्स इंडिया और ध्रुव स्पेस शामिल हैं। पिक्सेल के सीईओ अवैस अहमद के मुताबिक यह 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की राष्ट्रीय परियोजना है, जो भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर की क्षमताओं को दिखाती है।
कंपनी ने बताया कि 2027 की पहली तिमाही में पहले 4 सैटेलाइट लॉन्च किए जाएंगे, जबकि बाकी को चरणबद्ध तरीके से कक्षा में भेजा जाएगा। यह नेटवर्क हाई-रेजोल्यूशन ऑप्टिकल, मल्टीस्पेक्ट्रल, SAR और हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग जैसी तकनीकों से लैस होगा। इससे कृषि, पर्यावरण, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और समुद्री क्षेत्रों को बेहतर डाटा मिलेगा और भारत की स्पेस इकोनॉमी को नई रफ्तार मिलेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।