अमेजन का एक्शन 2025 में 1.5 करोड़ नकली उत्पाद जब्त फर्जी रिव्यू पर भी बड़ी कार्रवाई
(India) ई कॉमर्स दिग्गज Amazon ने साल 2025 में नकली उत्पादों और फर्जी रिव्यू के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसने दुनियाभर में 1.5 करोड़ से ज्यादा नकली उत्पाद जब्त किए और करोड़ों संदिग्ध फर्जी रिव्यू को ब्लॉक किया।

कंपनी की ‘ट्रस्टवर्दी शॉपिंग एक्सपीरियंस रिपोर्ट’ के मुताबिक अमेजन अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर संगठित रिटेल अपराध और साइबर धोखाधड़ी से निपट रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार 2025 में कंपनी की कानूनी कार्रवाई के चलते 100 से ज्यादा वेबसाइट्स बंद कराई गईं जो फर्जी रिव्यू और स्कैम को बढ़ावा दे रही थीं।

अमेजन की काउंटरफिट क्राइम्स यूनिट ने 2020 से अब तक 14 देशों में 32 हजार से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी ने चीन में स्थानीय एजेंसियों और ब्रांड्स के साथ मिलकर 70 से ज्यादा छापेमारी भी की जिससे नकली सामान बनाने वाले गिरोहों पर लगाम लगी।

कंपनी के अधिकारी Rohan Oommen ने कहा कि एआई की मदद से अब कंपनी पहले से ही खतरों की पहचान कर पा रही है और ग्राहकों तक पहुंचने से पहले ही उन्हें रोक रही है।

अमेजन ने हाल ही में भारत में भी अपनी काउंटरफिट क्राइम्स यूनिट का विस्तार किया है ताकि स्थानीय ब्रांड्स और एजेंसियों के साथ मिलकर नकली उत्पादों के नेटवर्क को खत्म किया जा सके।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।