दिल्ली में चांदी 1,500 रुपये उछली, 2.51 लाख/किलो के पार
(India) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। चांदी 1,500 रुपये बढ़कर 2.51 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक बाजारों में मजबूती और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते कीमती धातुओं में यह तेजी देखने को मिली।

पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वहीं दूसरी ओर, सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपये टूटकर 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो सोमवार को 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट सिल्वर 1.08 प्रतिशत बढ़कर 73.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ 4,549.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, संघर्ष विराम की कोशिशों में अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर आकर्षित किया है। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर सख्त मौद्रिक नीति और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी की संभावना भी बाजार की दिशा तय कर रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।