लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एनएसयूआई कार्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा कि प्रदीप मेघवाल की मौत “एक टूटी हुई और भ्रष्ट व्यवस्था की देन” है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “आज नीट पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से मिला। उनका दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और उनका कोई कसूर नहीं था।”
उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। ऐसे में जब पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं, तो सिर्फ परीक्षा नहीं टूटती बल्कि बच्चों के सपने और पूरे परिवार बिखर जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को “माफियाओं के हवाले” कर दिया, वे आज भी अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी-प्रधान की जोड़ी को इस परिवार के सामने जवाब देना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, प्रदीप मेघवाल ने कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय उसकी एक बहन कोचिंग क्लास में थी, जबकि दूसरी बाथरूम में मौजूद थी। बताया गया कि प्रदीप ने नीट-यूजी 2026 की परीक्षा दी थी, जिसे पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया।
राहुल गांधी ने कुछ अन्य नीट अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों में परीक्षा प्रणाली को लेकर भरोसा खत्म होता जा रहा है और युवाओं का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा, “देश का युवा अब भ्रष्टाचार और बेरुखी को और बर्दाश्त नहीं करेगा। यही युवा आने वाले समय में इस व्यवस्था को बदलेगा।”
गौरतलब है कि प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद 3 मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 को रद्द कर दिया गया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।