FSSAI का बड़ा एक्शन: मैगी में कीड़े मिलने के आरोपों पर नेस्ले को नोटिस, बाजार से बैच हटाने के निर्देश
(India) भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सोशल मीडिया पर मैगी में कीड़े मिलने की शिकायतों के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए Nestle को नोटिस जारी किया है। FSSAI ने कंपनी से तुरंत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) देने और शिकायत वाले बैच को बाजार से हटाने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही फास्ट-फूड चेन KFC और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से जुड़े एक अन्य मामले में भी FSSAI ने जवाब तलब किया है। खजूर के एक प्रोडक्ट में कथित तौर पर कीड़े मिलने की शिकायत के बाद संबंधित कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

FSSAI ने नेस्ले से तीन प्रमुख बिंदुओं पर जवाब मांगा है— कच्चे माल का स्रोत और क्वालिटी जांच रिकॉर्ड, प्रभावित बैच को बाजार से हटाने के लिए उठाए गए कदम, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किए गए सुधार।

वहीं नेस्ले इंडिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल शिकायतें अनवेरिफाइड हैं और जांच के लिए सैंपल उपलब्ध नहीं कराया गया है। कंपनी का दावा है कि मान्यता प्राप्त लैब में किए गए परीक्षणों में किसी भी तरह के कीड़े या संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।

नेस्ले ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और उसे भरोसा है कि जांच में सच्चाई सामने आएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।