चांदी में लगातार दूसरी बड़ी गिरावट, MCX पर 4% टूटकर ₹2.28 लाख प्रति किलो पहुंची
(India) अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और वैश्विक बाजारों में तेज बिकवाली के बीच शुक्रवार को चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जुलाई डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 8,766 रुपये यानी 4 प्रतिशत टूटकर 2,28,806 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस दौरान कुल 11,080 लॉट का कारोबार हुआ।

यह लगातार दूसरा कारोबारी सत्र है जब चांदी में भारी गिरावट देखने को मिली। इससे पहले गुरुवार को भी चांदी 14,235 रुपये यानी 5.7 प्रतिशत लुढ़ककर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बुधवार के मुकाबले केवल दो दिनों में चांदी की कीमत में करीब 22 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित शांति प्रक्रिया को लेकर बाजार की उम्मीदों को झटका लगा है। स्विट्जरलैंड में होने वाली उच्चस्तरीय वार्ता रद्द होने के बाद समझौते के भविष्य को लेकर नई आशंकाएं पैदा हो गई हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी अपना स्विट्जरलैंड दौरा स्थगित कर दिया है, जबकि किसी भी ईरानी प्रतिनिधिमंडल की आधिकारिक पुष्टि नहीं होने से बातचीत की समयसीमा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल आपूर्ति सामान्य होने को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ी है। वहीं, इजरायल द्वारा लेबनान में किए गए नए हवाई हमलों ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव को फिर बढ़ा दिया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी पर दबाव देखने को मिला। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स (COMEX) पर जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 2.85 डॉलर यानी 4.3 प्रतिशत गिरकर 63.46 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया के घटनाक्रम, वैश्विक ब्याज दरों की दिशा और आर्थिक विकास से जुड़े संकेतों के आधार पर आने वाले दिनों में सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।