मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के अनुसार, BLO को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुबह और शाम के समय घर-घर जाएं, ताकि अधिकतर लोग घर पर मिल सकें। अभियान शनिवार और रविवार को भी जारी रहेगा। इसके अलावा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी लोगों को गणना प्रपत्र भरने और जमा करने में मदद करेंगे।
दिल्ली में कुल 13,033 मतदान केंद्र हैं, जहां प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी। इनमें से एक प्रति मतदाता के पास रसीद के रूप में रहेगी, जबकि दूसरी प्रति BLO को वापस करनी होगी। फिलहाल इस प्रपत्र के साथ किसी दस्तावेज़ को जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक मतदाता के लिए यह गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य है। जो लोग फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
यदि किसी घर पर पहली बार जाने के दौरान कोई व्यक्ति नहीं मिलता है, तो संबंधित BLO कम से कम तीन बार उस पते पर दोबारा जाएगा, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
दिल्ली में इस समय करीब 1.45 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 77.11 लाख पुरुष, 67.98 लाख महिला, 1,024 थर्ड जेंडर मतदाता और 76,155 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने यह भी कहा है कि जो लोग वर्ष 2002 के बाद दिल्ली में आकर बसे हैं, उन्हें अपने मूल राज्य में हुए पिछले विशेष पुनरीक्षण की जानकारी भी गणना प्रपत्र में देनी होगी। सभी राज्यों की मतदाता सूचियां निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध हैं और मतदाता चाहें तो अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।