जयपुर में ट्रेलर का कहर, पिता समेत तीन बच्चों की मौत
(Jaipur, Jaipur) राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास स्थित कमला नेहरू नगर में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर बैठे एक परिवार पर चढ़ गया। हादसे में पिता और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:46 बजे हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश और उनके तीन बेटों रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) के रूप में हुई है। घायल महिला कैलाशी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, परिवार फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचने का काम करता था। घटना के समय परिवार सड़क किनारे नाले के ऊपर बने कवर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अजमेर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे परिवार पर चढ़ गया। टक्कर के बाद सभी लोग नाले में जा गिरे।

हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश और कैलाशी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चंद्रप्रकाश ने भी दम तोड़ दिया। दंपती के दो अन्य बच्चे उस समय घर पर थे, इसलिए वे इस हादसे की चपेट में आने से बच गए।

घटना के बाद ट्रेलर चालक और उसका सहायक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।