उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, यमुनोत्री हाईवे बंद; 1000 यात्री फंसे
(UTTARANCHAL, UTTARANCHAL) उत्तराखंड में शुक्रवार को भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे प्रमुख सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हुए हैं। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री नेशनल हाईवे स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण बंद हो गया है, जहां पिछले 23 घंटे से करीब 1000 यात्री फंसे हुए हैं।

प्रशासन के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं। सड़क निर्माण एजेंसी और प्रशासन की टीमें लगातार मलबा हटाकर हाईवे को जल्द से जल्द खोलने में जुटी हैं। वहीं, गंगोत्री नेशनल हाईवे पर भी भूस्खलन के चलते यातायात प्रभावित है।

ऋषिकेश में गुरुवार को बीन नदी उफान पर आ गई। बैराज-चीला मार्ग के बीच नदी पार करते समय एक स्कूटी सवार तेज बहाव में फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने नदी में उतरकर सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की आवाजाही के लिए नदी किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था की गई है।

नैनीताल में गुरुवार रात हाईकोर्ट के पास एक पेड़ गिरने से दो राहगीर घायल हो गए। एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने दोनों का रेस्क्यू कर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट लागू है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में 12 जुलाई तक स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।