कच्चे तेल की कीमतों से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 561 और निफ्टी 159 अंक लुढ़का
(India) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। निवेशकों की बिकवाली के बीच बीएसई सेंसेक्स 561.17 अंक गिरकर 77,055 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 159.10 अंक फिसलकर 24,052 पर आ गया।

बाजार पर विदेशी निवेशकों की बिकवाली और रुपये की कमजोरी का भी असर पड़ा। सेंसेक्स में एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे ज्यादा टूटे। वहीं भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), सन फार्मा, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स और इटरनल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल इंडेक्स में बैंकिंग, ऑटो, आईटी और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि मेटल और कमोडिटी सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया।

बाजार विशेषज्ञ शरद कोहली के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से बाजार का सकारात्मक रुख प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि निफ्टी 24,500 के करीब पहुंच रहा था, लेकिन नए भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की धारणा कमजोर कर दी।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि यूरोपीय बाजारों में गिरावट देखी गई। वहीं सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय शेयर बाजार में 3,062 करोड़ रुपये से अधिक की शुद्ध बिकवाली की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।