जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शनकारियों के लिए अनजान लोग भेज रहे खाना-पानी, सभी ऑर्डर प्रीपेड
(DELHI, DELHI) दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से ज्यादा समय से जारी CJP के प्रदर्शन के बीच अब प्रदर्शनकारियों के समर्थन में देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग आगे आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से कई लोग खुद प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंच रहे, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए खाना, पानी और दूसरी जरूरी सामग्री जंतर-मंतर भेज रहे हैं।

दिनभर डिलीवरी करने वाले गिग वर्कर खाने के पैकेट लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं और उन्हें वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को सौंप रहे हैं। आमतौर पर घरों और दफ्तरों तक ऑर्डर पहुंचाने वाले डिलीवरी पर्सन अब बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर भी फूड पैकेट पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।

खास बात यह है कि मदद भेजने वालों में केवल दिल्ली के लोग ही शामिल नहीं हैं। मुंबई और लखनऊ जैसे शहरों से भी लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के माध्यम से प्रदर्शनकारियों के लिए खाना, पीने का पानी और दूसरी आवश्यक सामग्री भेज रहे हैं।

बताया जा रहा है कि ये सभी प्रीपेड ऑर्डर हैं। ऑर्डर किसी एक व्यक्ति के नाम पर नहीं, बल्कि प्रदर्शन में मौजूद लोगों के लिए बड़ी मात्रा में भेजे जा रहे हैं।

सुबह के नाश्ते से लेकर दिन और रात के खाने तक, जंतर-मंतर पर लगातार फूड पैकेट पहुंच रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से ऑनलाइन भेजी जा रही यह सामग्री प्रदर्शन में शामिल छात्रों और अन्य लोगों के प्रति समर्थन के एक नए तरीके के रूप में सामने आई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।