देहरादून में रातभर हुई बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे टोंस नदी पर बने पुल की ओर जाने वाला रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया। रास्ता प्रभावित होने से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी जमीन धंस चुकी है। लोगों ने मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से जल्द रास्ता ठीक कराने की मांग की है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी क्षतिग्रस्त रास्ते के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
वहीं, भारी बारिश के बाद देहरादून की रिस्पना नदी उफान पर है। इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। अलकनंदा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से नदियों के किनारों से दूर रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी तटों से दूर रहने को कहा गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।