कांग्रेस विधायक जयपुर के पोद्दार मूक-बधिर स्कूल में एंट्री बैन के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अगुवाई में कांग्रेस विधायक और नेता सुबह स्कूल पहुंचे और वहां से पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचे। विधानसभा के बाहर कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि स्कूल की व्यवस्था में सुधार करने के बजाय मीडिया और नेताओं की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले स्कूल की बदहाल स्थिति सामने आई थी और सरकार ने व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया था, लेकिन अब स्कूल के बाहर ऐसा बोर्ड लगा दिया गया है जिसके तहत अंदर जाने और मीडिया कवरेज पर रोक है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूलों की बदहाली दिखाने से नेताओं और मीडिया को रोकना उचित नहीं है। डोटासरा ने आरोप लगाया कि स्कूलों में आरएसएस की शाखाएं भी लगाई जा रही हैं।
वहीं विधानसभा के बाहर बीएपी विधायकों ने भी प्रदर्शन किया। बीएपी विधायकों ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा देने की मांग को लेकर विरोध जताया।
मानसून सत्र के पहले दिन राज्यपाल की मंजूरी मिल चुके विधेयकों का विवरण सदन के पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद हाल ही में निधन हुए पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होने की संभावना है।
राज्यपाल की ओर से 10 विधेयक पुनर्विचार के लिए विधानसभा को लौटाए गए हैं। इनमें 9 विधेयक पिछली गहलोत सरकार के कार्यकाल के बताए जा रहे हैं, जबकि एक विधेयक वसुंधरा राजे सरकार के समय का है। इनमें मॉब लिंचिंग के खिलाफ बनाया गया विधेयक भी शामिल है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति यानी बीएसी की बैठक भी होगी। इसमें मानसून सत्र के कामकाज और सदन के चलने की अवधि पर फैसला किया जाएगा। यूसीसी बिल और ट्री बिल को सदन में पेश करने को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।