जनता दर्शन में CM योगी का बड़ा फैसला, महिला को निराश्रित गाय और दिव्यांग को जमीन से कब्जा हटाने का भरोसा
(Lucknow, Lucknow) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीतापुर की एक महिला ने गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

सीतापुर के गुरुदेव नगर हरगांव निवासी पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गोपालन करके आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। उनके पास पहले से 5 गाय हैं और अन्य गायों को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है।पूनम ने मुख्यमंत्री से और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि दूध आदि की बिक्री से होने वाली आय से वह अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करना चाहती हैं।

पूनम की फरियाद सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को तत्काल निर्देश दिए कि उन्हें नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए।साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता समेत अन्य पात्र योजनाओं का लाभ भी दिलाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने पूनम देवी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा की सराहना की और कहा कि मन से गोसेवा करें, इससे बाधाएं और कष्ट दूर होंगे।पूनम देवी ने श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्या रखी। उसने बताया कि उसकी भूमि पर किसी व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जांच कराकर शिकायत का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित को यथासंभव मदद का भरोसा भी दिया।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।