मायावती ने मंगलवार को लखनऊ स्थित BSP के केंद्रीय कैंप कार्यालय में पंजाब के पार्टी पदाधिकारियों के साथ लंबी बैठक कर संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियां तेज की जाएंगी। उम्मीदवारों के चयन में कर्मठ और ईमानदार लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मायावती ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के लिए दिए गए पुराने निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी ली। जिन स्तरों पर कमियां मिली हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए गए।
BSP प्रमुख ने पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के रवैये से राज्य की जनता परेशान है। मायावती ने कहा कि BSP पंजाब की जनता के सामने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की अंबेडकरवादी नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर जाएगी। पार्टी का दावा है कि इससे पंजाब को गरीबी और बेरोजगारी से मुक्ति तथा लोगों को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का रास्ता मिलेगा।
मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की 9 अक्टूबर को होने वाली पुण्यतिथि के कार्यक्रम को पूरी तैयारी के साथ सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले साल दिए गए दिशा-निर्देशों के मुताबिक पंजाब में कार्यक्रम की तैयारियां की जाएं। संगठन को इस आयोजन के जरिए भी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मायावती ने 15 जनवरी 2027 को जनकल्याणकारी दिवस के मौके पर पार्टी के आर्थिक सहयोग को पिछले साल से बेहतर करने का लक्ष्य भी दिया। उन्होंने कहा कि BSP के आर्थिक सहयोग को बढ़ाना अंबेडकरवादी कारवां और BSP मूवमेंट को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है।
मायावती ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में विरोधी दलों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का डटकर सामना करना होगा। पार्टी को बूथ स्तर तक सक्रिय कर बेहतर चुनावी परिणाम के लिए लगातार तैयारी करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि BSP पंजाब में भी यूपी और उत्तराखंड की तरह अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।