अभिनंदन वर्तमान 27 फरवरी 2019 को उस समय सुर्खियों में आए थे, जब हवाई मुकाबले के दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इसी दौरान उनके MiG-21 बाइसन विमान को भी मिसाइल से नुकसान पहुंचा और उन्हें इजेक्ट होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके यानी PoK में उतरना पड़ा था। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में लिया और करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें भारत को सौंप दिया था।
यह घटनाक्रम 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुए घटनाक्रम का हिस्सा था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन कई पाकिस्तानी लड़ाकू विमान LoC की ओर बढ़े। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे और ऑपरेशनल रेडीनेस ड्यूटी पर थे।
आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के मुताबिक, पाकिस्तानी विमानों का पता चलने के करीब पांच मिनट बाद अभिनंदन को उन्हें रोकने के लिए भेजा गया। उन्होंने पीछे हट रहे एक दुश्मन विमान का पीछा किया और हवाई लड़ाई में उसे मार गिराया। इस दौरान पाकिस्तानी विमानों की ओर से कई बियॉन्ड विजुअल रेंज यानी BVR मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से एक अभिनंदन के MiG-21 से टकराई। विमान को नुकसान पहुंचने के बाद उन्होंने इजेक्ट किया और पैराशूट से पाकिस्तान के इलाके में उतरे, जहां उन्हें पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में उनकी बहादुरी के लिए अभिनंदन को 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित प्रशस्ति-पत्र के अनुसार, उन्होंने पाकिस्तानी विमानों की संख्या और तकनीकी बढ़त के बावजूद साहस के साथ उनका मुकाबला किया। उनके आक्रामक रवैये से दुश्मन के विमानों की रणनीति भी प्रभावित हुई।
अब वायुसेना की सेवा से रिटायरमेंट के बाद अभिनंदन वर्तमान ने एविएशन के ही क्षेत्र में नई शुरुआत की है। वह अगस्त 2026 में FLY91 से जुड़े हैं और एयरलाइन में कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट के रूप में काम करेंगे। FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी कॉमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं और इसका फोकस छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं, जिनमें करीब 70 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। इसके दो प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं, जहां से एयरलाइन विभिन्न क्षेत्रीय शहरों के बीच उड़ानों का संचालन करती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।