योगी सरकार नागरिक सुरक्षा विभाग में 191 पदों पर करेगी भर्ती, 104 पद सहायक उप नियंत्रक के
(Lucknow, Lucknow) योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अगले छह माह में एक लाख नई नौकरियां उपलब्ध कराने के ऐलान के बीच नागरिक सुरक्षा विभाग में छह अलग-अलग पदों पर कुल 191 रिक्तियों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें सबसे अधिक 104 पद सहायक उप नियंत्रक (सा.वे.) के हैं। इसके अलावा भंडार अधीक्षक-द्वितीय, स्टोरमैन, आशुलिपिक, कनिष्ठ सहायक और डिस्पैच राइडर के पदों पर भी भर्ती होगी।

योगी सरकार के अनुसार पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के युवाओं को साढ़े नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अगले छह माह में एक लाख नई नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इनमें अकेले यूपी पुलिस और होमगार्ड विभाग में 77 हजार भर्तियां प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में नागरिक सुरक्षा विभाग में 191 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

नागरिक सुरक्षा विभाग में सहायक उप नियंत्रक के 104, भंडार अधीक्षक-द्वितीय के 6, स्टोरमैन के 33, आशुलिपिक के 9, कनिष्ठ सहायक के 25 और डिस्पैच राइडर के 14 पदों पर भर्ती की जाएगी। विभाग की ओर से सहायक उप नियंत्रक समेत संबंधित पदों के लिए जल्द विज्ञापन जारी किया जाएगा।

नागरिक सुरक्षा विभाग आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य करता है। रिक्त पदों पर नियुक्तियों से विभाग के प्रशासनिक और मैदानी कार्यों के संचालन के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध होगा। सहायक उप नियंत्रक के पद विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़े हैं, जबकि भंडार अधीक्षक-द्वितीय और स्टोरमैन के पद सामग्री एवं भंडार व्यवस्था से संबंधित हैं।

आशुलिपिक और कनिष्ठ सहायक कार्यालयी कार्यों के संचालन में सहयोग करेंगे, जबकि डिस्पैच राइडर से जुड़े पद विभागीय दस्तावेजों और अन्य आवश्यक सामग्री के आवागमन जैसे कार्यों के लिए उपयोगी होंगे। इस भर्ती के जरिए नागरिक सुरक्षा विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों को भरने के साथ युवाओं के लिए सरकारी रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।