(Lucknow, Lucknow)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। चयनित युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत का फल उन्हें सरकारी नौकरी के रूप में मिला है।
नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी तरह के भेदभाव या लेनदेन का सामना नहीं करना पड़ा। अयोध्या निवासी एक्सरे टेक्नीशियन पद पर चयनित प्रिंस सिंह ने बताया कि आवेदन के लिए उन्होंने केवल 150 रुपये खर्च किए और इसके अलावा किसी तरह का भुगतान नहीं किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने को अपने और परिवार के लिए खास अवसर बताया।
होम्योपैथिक फार्मासिस्ट पद पर चयनित आकाश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर उन्हें खुशी है। उन्होंने बताया कि भर्तियों की जानकारी समय पर मिलने से युवाओं को आवेदन और तैयारी का पर्याप्त अवसर मिल रहा है। वाराणसी निवासी साक्षी सिंह ने भी अपनी नियुक्ति को मेहनत का परिणाम बताते हुए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बताया।
बलरामपुर निवासी एक्सरे टेक्नीशियन शिव शंकर ने बताया कि उन्हें योगी सरकार में दूसरी बार नियुक्ति पत्र पाने का अवसर मिला है। उनके अनुसार इस प्रक्रिया में किसी तरह का पैसा नहीं लगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में भी उनका चयन हुआ था, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो सका था। उन्होंने मौजूदा भर्ती प्रक्रिया में इंटरव्यू नहीं होने और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की बात कही।
सहारनपुर निवासी होम्योपैथिक फार्मासिस्ट आराधना चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने से उनका पूरा परिवार गौरवान्वित है। चयनित प्रिंसी गुप्ता ने कहा कि उन्हें मेहनत के आधार पर नौकरी मिली और नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए खास पल है। होम्योपैथिक फार्मासिस्ट पल्लवी देवी ने बताया कि वह दो साल से परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और अब उनकी मेहनत का परिणाम मिला है।
गोरखपुर निवासी डॉ. सफिया बानो का चयन प्रवक्ता यूनानी के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया 15 महीने में पूरी हुई। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताया।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।