महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 7 लोगों की मौत ,19 घयला
(MAHARASHTRA, India)
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और टेंपो पिकअप की जोरदार टक्कर में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। इनमें से 4-5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, टेंपो पिकअप में सवार श्रद्धालु शेगांव से दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और टेंपो पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

हादसे की जानकारी मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। अमरावती ग्रामीण के एसपी निकेतन कदम ने बताया कि हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं और 7 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों में 4-5 लोगों की हालत गंभीर है, जबकि 14-15 लोग मामूली रूप से घायल हैं और खतरे से बाहर हैं।

एसपी ने बताया कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।