यूपी में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान बना जन आंदोलन, 27 लाख नागरिकों ने लिया हिस्सा
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान ने जन आंदोलन का रूप लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर तक चले इस राष्ट्रव्यापी अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ रही। प्रदेश में नगर निगमों और नगर पंचायतों को स्वच्छ बनाने, नागरिकों को जागरूक करने और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान की शुरुआत सभी निकायों में महापौर, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और करीब 12 लाख नागरिकों की सहभागिता से श्रमदान के साथ हुई। इस दौरान 21 हजार से अधिक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 27 लाख नागरिकों ने हिस्सा लिया। स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों, स्वच्छ सारथी क्लबों और स्वयं सहायता समूहों समेत करीब 47 लाख नागरिकों ने अभियान में भागीदारी और सहयोग किया।

17 अक्टूबर तक जारी रहेगा विशेष स्वच्छता अभियान

उत्तर प्रदेश में अभियान का विस्तार करते हुए 17 अक्टूबर 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत उन स्थानों की सफाई की जा रही है, जहां नियमित रूप से अपेक्षित सफाई नहीं हो पाती। प्रदेश में करीब 1.22 लाख स्वच्छता लक्षित इकाइयां (CTU) चिह्नित की गईं, जिनमें से लगभग 1.10 लाख का विलोपन नागरिकों की भागीदारी से किया जा चुका है। अभियान के दौरान करीब 25 हजार सार्वजनिक स्थलों, 6,788 बाजारों, 13,919 मोहल्लों, 9,440 शौचालयों और 6,769 कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

स्वच्छ पाठशाला से जुड़े 2.16 लाख बच्चे

स्वच्छ पाठशाला कार्यक्रम के तहत करीब 13 हजार गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें 3,640 स्वच्छ सारथी क्लबों से जुड़े लगभग 2.16 लाख बच्चों ने हिस्सा लिया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 8,358 प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन प्रयासों के जरिए बच्चों को स्वच्छता की आदतों और जिम्मेदार नागरिक भागीदारी के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर

स्वच्छता मित्र सुरक्षा शिविर के तहत 4,202 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें करीब 99 हजार सफाई मित्रों ने भाग लिया। लगभग 40 हजार सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया, जबकि करीब 88 हजार का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके अतिरिक्त 63 हजार सफाई मित्रों को पीपीई किट वितरित की गईं और लगभग 1.77 लाख सफाई मित्रों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

25 लाख घरों तक पहुंचा स्वच्छता का संदेश

जनभागीदारी कार्यक्रम के तहत करीब 25 लाख घरों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया। लोगों को घरों में ही कचरे को अलग-अलग करने और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया।

स्वच्छता से समृद्धि कार्यक्रम के अंतर्गत रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल यानी आरआरआर की अवधारणा पर 3,461 कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर स्वच्छता से जुड़ी 17,486 गतिविधियां हुईं, जिनमें एक लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया।

स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता कर्मियों का सम्मान

2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न निकायों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों, स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्यों, ब्रांड एंबेसडरों और स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। अभियान के तहत जनभागीदारी, स्वच्छता सुविधाओं के रखरखाव और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।