अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से होंगे लोकसभा चुनाव,
(India) चुनाव आयोग अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से लोकसभा चुनाव शुरू कराने की तैयारी कर रहा है. यह प्रक्रिया पांच चरणों में मई के शुरुआत में जाकर खत्‍म होगी.
आयोग के शीर्ष सूत्रों ने कहा कि चुनावों के लिए घोषणा फरवरी के आखिर तक या मार्च महीने की शुरूआत में हो सकती है. इसके लिए कामकाज शुरू हो चुका है. लोकसभा चुनावों के साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव भी होंगे. सूत्रों के मुताबिक, चुनाव कार्यक्रम की घोषण फरवरी के आखिरी दिनों में या मार्च के पहले दो-तीन दिनों में कर दी जाएगी. कार्यक्रम की घोषणा से पहले लोकसभा की बैठक आखिरी बार हो सकती है, जिसमें वित्त वर्ष 2014-15 के छह महीने के लिए लेखानुदान पारित किया जाएगा. इससे नई सरकार अगली लोकसभा में पूर्ण बजट पेश कर सकेगी.

पहले बुलाया जा सकता है विशेष सत्र
अटकलें हैं कि चुनावों से पहले सरकार द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी निर्णय लेने के लिए जल्द ही संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है. मौजूदा लोकसभा की अवधि 1 जून को समाप्त हो रही है और नई लोकसभा का गठन 31 मई तक करना होगा. आयोग इस बारे में भी विचार कर रहा है कि चुनाव पांच चरणों में कराया जाए या छह चरणों में.

80 करोड़ डालेंगे वोट
मतदाता सूची में चल रही समीक्षा की प्रक्रिया के तहत और नए मतदाताओं के जुड़़ने के बाद आगामी चुनावों में करीब 80 करोड़ मतदाताओं को मताधिकार का अधिकार मिलेगा. सूत्रों ने कहा कि आयोग ने मतदाता सूचियों को पहले ही तैयार कर लिया है और कुछ औपचारिकताओं के बाद इन्हें इस महीने के आखिर तक जारी किया जा सकता है. जनवरी समाप्त होने से पहले सूची तैयार हो जाएगी.

1.1 करोड़ तैनात होंगे चुनावकर्मी
निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए कुल 1.1 करोड़ चुनाव कर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिनमें आधे सुरक्षा बल के जवान होंगे. चुनाव ड्यूटी के लिए सुरक्षा बलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिहाज से केंद्रीय गृह सचिव के साथ आयोग की अंतिम बैठक होगी. देशभर में मतदान के लिए कम से कम 8 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. करीब 12 लाख ईवीएम के इस्तेमाल की तैयारियां भी हो रही हैं. मिड फरवरी तक आयोग को 2.5 लाख नई ईवीएम मिल जाएंगी.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।