जयपुर उप जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस से सुनील कुमावत, BJP से सीताराम शर्मा मैदान में
(Jaipur, Jaipur) जयपुर में उप जिला प्रमुख चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद के लिए सुनील कुमावत को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने सीताराम शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। सुनील कुमावत वार्ड नंबर 18 और सीताराम शर्मा वार्ड नंबर 35 से जिला परिषद सदस्य हैं।

कांग्रेस ने जातीय समीकरण साधने की कोशिश की

जयपुर में कांग्रेस के यशवीर सूरा जिला प्रमुख चुने जा चुके हैं। सूरा जाट समाज से आते हैं। ऐसे में उप जिला प्रमुख पद के लिए कुमावत समाज के नेता सुनील कुमावत को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने जातीय समीकरण साधने का प्रयास किया है। सुनील कुमावत ने जिला परिषद चुनाव में भाजपा की पूर्व जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को हराया था।

भाजपा से सीताराम शर्मा ने दाखिल किया नामांकन

भाजपा प्रत्याशी सीताराम शर्मा ने उप जिला प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। वे जिला परिषद के वार्ड नंबर 35 से सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

कांग्रेस के सुनील कुमावत ने भरा फॉर्म

कांग्रेस उम्मीदवार सुनील कुमावत ने भी रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक को अपना नामांकन पत्र सौंपा। वे वार्ड नंबर 18 से जिला परिषद सदस्य चुने गए हैं।

कांग्रेस की जीत मानी जा रही तय

जयपुर जिला परिषद में कुल 57 सदस्य हैं, जिनमें से 42 कांग्रेस के हैं। जिला प्रमुख के चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार यशवीर सूरा को 42 वोट मिले थे। ऐसे में उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस की जीत की संभावना जताई जा रही है।

शाम 5 बजे तक आएगा परिणाम

उप जिला प्रमुख चुनाव के लिए सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित था। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की गई। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वोटिंग समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।