दिल्ली की महिला एवं बाल विकास मंत्री राखी बिड़ला की कार पर कथित तौर से अज्ञात लोगों द्वारा किए गए हमले में नया मोड़ आ गया है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार के शीशे पर पत्थर नहीं बल्कि पास में क्रिकेट खेल रहे एक बच्चे की गेंद लगी थी। गेंद लगने के बाद बच्चे और उसके पिता ने मंत्री से माफी भी मांग ली थी। आरोप लग रहे हैं बच्चे और पिता के द्वारा माफी मांगने के बावजूद राखी बिड़ला ने तथ्य को छिपाते हुए मंगोलपुरी थाने में दर्ज एफआईआर में हमले की बात कही है। बीजेपी और कांग्रेस ने कहा है कि जब माफी मांग ली गई थी, तो मंत्री को बात को वहीं पर खत्म कर देना चाहिए था, पुलिस को गुमराह नहीं करना चाहिए था। कुछ स्थानीय लोगों ने टीवी कैमरे के सामने कहा कि मंत्री को पुलिस सिक्यॉरिटी लेनी है, इसलिए वह नौटंकी कर रही हैं।एफआईआर के अनुसार, राखी रविवार शाम करीब छह बजे मंगोलपुरी से आम आदमी पार्टी की स्थानीय विधायक राखी बिड़ला इसी क्षेत्र के आर ब्लॉक स्थित संतोषी माता मंदिर में आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेने गई थीं। समारोह के बाद वह अपने समर्थकों के साथ कार में सवार हुईं। कार के आसपास उनके समर्थक भी खड़े थे। तभी अचानक अज्ञात शख्स ने कार पर पत्थर से हमला किया, जिससे शीशा चटक गया। पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि कार के शीशे पर पत्थर नहीं बल्कि पास में क्रिकेट खेल रहे एक बच्चे की गेंद लगी थी। चश्मदीदों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद बच्चे और उसके पिता ने सबके बीच राखी से माफी भी मांग ली थी। इसके बावजूद वह थाने पहुंच गईं और बच्चे की घटना को छिपाते हुए मंगोलपुरी थाने में शिकायत दर्ज करा दी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।