(Amber, Jaipur)
वसुंधरा राजे सरकार की पहली कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस शासन सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के कन्वेंसन हॉल में शुरु हुई। सुबह दस बजे तक रजिस्ट्रेशन होने के बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के अभिभाषण से इसकी शुरूआत हुई। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर आला अलफरों के सामने राजस्थान को लेकर अपने विजन को असरदार तरीके से प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री राजे ने इस बार भी एक सीईओ की तरह प्रजेंटेशन दिया। तीन सत्र में चलने वाले कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के पहले सत्र में अजमेर और बीकानेर संभाग के कलेक्टर प्रजेंटेशन दिया। वहीं दूसरे सत्र में जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कलेक्टर्स ने प्रजेन्टेशन दिया। साढे पांच से साढे छह बजे तक चलने वाले तीसरे सत्र में जोधपुर और उदयपुर संभाग के कलेक्टर प्रजेंटेशन देंगे। साढ़े छह से सात बजे तक एक बार फिर मुख्यमंत्री राजे का भाषण होगा। रात आठ बजे मुख्यमंत्री के साथ सभी जिलों के कलेक्टरों और आला पदाधिकारियों के लिए डिनर होगा। कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा समेत करीब एक दर्जन विषयों पर कलेक्टर अपने जिले की स्थिति, समस्या और समाधान को लेकर सुझाव देंगे। हर कलेक्टर को प्रजेंटेशन के लिए सात से आठ मिनट का समय दिया जा रहा है। कॉन्फ्रेंस में सभी जिलों के कलेक्टरों के अलावा, संभागीय आयुक्त, सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव और सचिव भी हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही सभी विभागों के मंत्री भी इस कॉन्फ्रेंस में शामिल हैं। सरकार की मंशा है कि साठ दिन की कार्ययोजना को असरदार तरीके से पूरे राजस्थान में लागू हो ताकि लोकसभा चुनाव में जहां टारगेट-25 को हासिल किया जा सके। जिस ढंग से राजस्थान की जनता ने 163 विधायक बीजेपी के जितवा कर भेजे हैं, उसको लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी चाहती हैं कि गुड गवर्नेंस का मैसेज जनता तक जाए।
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राज्य सरकार का विजन प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ शिक्षित और महिलाओं के प्रति संवेदनशील राजस्थान बनाने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री राजे ने प्रदेश में हर तबके की आवाज सुनने और निश्चित समय में समस्याओं का समाधान करने की भी बात कही है। एसपी कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में विचार प्रकट करते हुए राजे ने कहा है कि पिछले कार्यकाल में राजस्थान को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालने में कोई कसर नहीं छोडी थी। लेकिन कांग्रेस ने राजस्थान को फिर से वहीं ला खडा किया है और राजस्थान को एक बार फिर से अग्रणी राज्य बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य रहेगा। साथ ही 60 दिन की कार्ययोजना पर तुरंत क्रियांवित करने पर जोर दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।